Saturday, February 1, 2025
Homeविदेशरूस ने कुर्स्क में यूक्रेनी सेना को रोकने के लिए अभियान शुरू...

रूस ने कुर्स्क में यूक्रेनी सेना को रोकने के लिए अभियान शुरू किया, टैंकों से दागे जा रहे हैं गोले

यूक्रेन ने कुर्स्क क्षेत्र में रूस पर हमला किया है और उसके सैनिक सीमा पार कर रूस के काफी अंदर तक घुस आए हैं। इसे लेकर अब रूस ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। रूस ने यूक्रेनी सैनिकों को रोकने के लिए भारी हथियार तैनात कर दिए हैं।

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खतरनाक मोड़ लेता जा रहा है। रूस ने कीव के सबसे बड़े हमले को रोकने के लिए शनिवार को यूक्रेन से सटे तीन सीमावर्ती इलाकों में जवाबी कार्रवाई शुरू की। यूक्रेनी सैनिकों ने मंगलवार सुबह सीमा पार कर रूस के पश्चिमी कुर्स्क क्षेत्र में अचानक हमला किया। इस हमले के बाद यूक्रेनी सैनिक रूस में कई किलोमीटर अंदर तक घुस आए हैं। रूस ने आगे बढ़ रहे यूक्रेनी सैनिकों को रोकने के लिए टैंक, रॉकेट लॉन्चर, विमानन इकाइयों समेत अतिरिक्त सैनिकों और उपकरणों को तैनात किया है।

रूस की आतंकवाद निरोधी इकाई ने क्या कहा?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस की राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधी इकाई ने कहा है कि वह नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेलगोरोड, ब्रायंस्क और कुर्स्क क्षेत्रों में अभियान शुरू कर रही है। रूसी कानून के तहत, सुरक्षा बलों और सेना को “आतंकवाद विरोधी” अभियानों के दौरान व्यापक आपातकालीन अधिकार दिए गए हैं। इस दौरान, वाहनों को जब्त किया जा सकता है, फोन कॉल की निगरानी की जा सकती है, क्षेत्रों को नो-गो जोन घोषित किया जा सकता है, चेक पॉइंट शुरू किए जा सकते हैं और प्रमुख बुनियादी ढाँचे वाले स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाई जा सकती है। आतंकवाद निरोधी इकाई ने कहा है कि यूक्रेन ने “हमारे देश के कई क्षेत्रों में स्थिति को अस्थिर करने का प्रयास किया है।”

रूस ने हमले तेज़ किए

इस बीच, रूस ने कुर्स्क क्षेत्र में आपातकाल घोषित करके सुरक्षा बढ़ाने के अभियान को तेज़ कर दिया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेनी ठिकानों पर टैंक क्रू द्वारा गोलीबारी के साथ-साथ रात भर हवाई हमलों के फुटेज प्रकाशित किए। यूक्रेनी सैनिकों द्वारा सीमा पार करने के बाद रूस द्वारा ऐसी कार्रवाई की गई है। इससे पहले, अधिकारियों ने कहा था कि एक रूसी विमान ने यूक्रेन के खिलाफ हवाई हमले किए थे। मिसाइल यूक्रेन के एक शॉपिंग मॉल पर गिरी, जिसमें कम से कम 10 लोग मारे गए और 35 अन्य घायल हो गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular