दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में राव आईएएस कोचिंग के बेसमेंट में पानी भरने से यूपीएससी के तीन अभ्यर्थियों की मौत का मामला संसद में भी गूंजा। संसद में भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने इस मामले को सदन के समक्ष रखा और इसे हृदय विदारक घटना बताया। हालांकि लोकसभा में बांसुरी स्वराज ने कहा कि छात्रों की मौत दिल्ली सरकार की आपराधिक लापरवाही के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की आपराधिक कार्रवाई के कारण इन बच्चों की जान गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी एक दशक से दिल्ली में सत्ता का आनंद ले रही है। लेकिन दिल्ली की जनता के लिए कोई काम नहीं कर रही है।
बांसुरी स्वराज ने केजरीवाल सरकार को घेरा
आप सरकार पर निशाना साधते हुए बांसुरी ने कहा कि यह दिल्ली सरकार की गलती है। उस इलाके में हुई इस घटना के लिए आम आदमी पार्टी के पार्षद और अधिकारी जिम्मेदार हैं। पिछले 2 साल से एमसीडी दिल्ली सरकार के नियंत्रण में है। पिछले दो साल से नगर निगम यानी एमसीडी भी दिल्ली सरकार के नियंत्रण में है। दिल्ली जल बोर्ड, नालों की सफाई भी दिल्ली सरकार के अधीन है। लेकिन उन्होंने न तो अपग्रेडेशन किया और न ही नालों की सफाई करवाई। 22 और 24 जुलाई को दो दिन तक स्थानीय लोग पार्षद और विधायक से लगातार गुहार लगाते रहे, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। कोई कार्रवाई नहीं हुई। मैं गृह मंत्रालय से अनुरोध करता हूं कि जांच कमेटी गठित की जाए। जबकि दिल्ली सरकार दुष्प्रचार, प्रचार और भ्रष्टाचार में लिप्त है, इस बात की जांच होनी चाहिए कि दिल्ली के नाले क्यों नहीं साफ हुए, दिल्ली जल बोर्ड की हालत क्यों खस्ता है।
शशि थरूर ने क्या कहा
इस बीच, संसद में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दिल्ली ओल्ड राजेंद्र नगर की घटना पर कहा, ‘यह निस्संदेह शर्मनाक है। इन युवाओं के सपने चकनाचूर हो गए हैं और उनके परिवारों की उम्मीदें खत्म हो गई हैं। यह देश और उसके भविष्य के लिए बहुत दुखद है। जबकि मुआवजा जरूरी है, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ऐसी त्रासदियों को दोबारा होने से रोका जाए ताकि आगे की पीड़ा से बचा जा सके।’
अखिलेश और पप्पू ने क्या कहा?
ओल्ड राजेंद्र नगर की घटना पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने लोकसभा में कहा, ‘यह गंभीर समस्या है। तीन छात्रों की मौत की घटना दुखद है। आखिर योजना बनाने की जिम्मेदारी अधिकारियों की होती है। हम यूपी से देख रहे हैं, जहां कुछ अवैध होता है तो बुलडोजर चला दिया जाता है। क्या दिल्ली सरकार इस पर बुलडोजर चलाएगी?’ इसके अलावा पप्पू यादव ने तान्या की मौत पर कहा कि कोचिंग में सुरक्षा व्यवस्था की कमी, मानकों की कमी… इन्हीं वजहों से यह हादसा हुआ है।