Saturday, February 8, 2025
Homeभारतविशालगढ़ किले और मस्जिद का क्या है पूरा मामला, जिससे सुलग उठा...

विशालगढ़ किले और मस्जिद का क्या है पूरा मामला, जिससे सुलग उठा कोल्हापुर जिला

महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के विशालगढ़ इलाके में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। सोमवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान यहां हिंसा भड़क गई। इस दौरान गुस्साई भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और तोड़फोड़ की। पुलिस ने इस मामले में 500 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं एआईएमआईएम ने यहां मस्जिद में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।

दरअसल, पुलिस यहां विशालगढ़ किले के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। यहां बुलडोजर को देखकर लोग भड़क गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। कुछ ही देर में यह विरोध हिंसक हो गया। इस दौरान किले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मी उपद्रवियों के पथराव में घायल हो गए।

दक्षिणपंथी संगठन के विरोध के बाद हिंसा भड़की

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में तनाव को देखते हुए निषेधाज्ञा लागू कर दी गई उन्होंने कहा कि दक्षिणपंथी संगठन के विरोधी उन्होंने कहा कि पुलिस ने नेताओं समेत 500 से अधिक लोगों के खिलाफ चार मामले दर्ज किए हैं और 21 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

विशालगढ़ किले का है गहरा महत्व

विशालगढ़ किले का मराठा इतिहास में गहरा महत्व है, क्योंकि छत्रपति शिवाजी महाराज 1660 में पन्हाला किले की घेराबंदी के बाद यहीं से भागे थे। इस हिंसा के बाद विपक्ष ने महाराष्ट्र की शिवसेना नीत महायुति सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि क्या राज्य में ‘जंगल राज’ है। राज्य विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने कहा कि किले तक मार्च का नेतृत्व करने के लिए मराठा राजपरिवार के वंशज संभाजीराजे छत्रपति के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

मस्जिद में तोड़फोड़ का आरोप

वहीं, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के इम्तियाज जलील ने मार्च का नेतृत्व करने के लिए संभाजीराजे छत्रपति पर निशाना साधा। एआईएमआईएम ने आरोप लगाया है कि यहां गजपुर गांव में भीड़ ने मस्जिद पर हमला किया और तोड़फोड़ की। उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ में शामिल ये लोग जय श्री राम के नारे लगा रहे थे। एआईएमआईएम के पूर्व सांसद इम्तियाज जलील ने पूर्व राज्यसभा सदस्य और कोल्हापुर राजघराने के वंशज संभाजीराजे छत्रपति की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘आप दिल्ली जा सकते थे, क्योंकि मुसलमानों ने आपको वोट दिया था। हम आपका सम्मान करते हैं, लेकिन चूंकि आपने विशालगढ़ किले में हिंसक विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया, इसलिए हमें आश्चर्य है कि क्या आप वास्तव में शाहूजी महाराज के वंशज हैं।’ जलील ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण विरोधी अभियान में कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और लोगों के घरों में तोड़फोड़ की गई और वाहनों को उपद्रवियों ने जला दिया। उन्होंने सवाल किया, ‘क्या महाराष्ट्र में जंगल राज है?’

RELATED ARTICLES

Most Popular