Tuesday, February 11, 2025
Homeविदेशपाकिस्तान में सैन्य प्रतिष्ठान के पास आत्मघाती हमला, 8 नागरिकों समेत कई...

पाकिस्तान में सैन्य प्रतिष्ठान के पास आत्मघाती हमला, 8 नागरिकों समेत कई सैनिक घायल

पाकिस्तान में एक बड़ा आत्मघाती हमला हुआ है। यह आत्मघाती हमला एक सैन्य प्रतिष्ठान की बाहरी दीवार के पास हुआ। स्थानीय अधिकारियों ने हमले के बारे में बताया कि इसमें कई सैनिक घायल भी हुए हैं।

पेशावर: उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में सोमवार सुबह एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदे वाहन को सैन्य प्रतिष्ठान की बाहरी दीवार के पास उड़ा दिया। वहीं, उसके एक साथी ने अपनी जैकेट उड़ा ली, जिससे आठ नागरिक घायल हो गए और आसपास के घरों को नुकसान पहुंचा। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ताहिर खान ने बताया कि हमलावरों ने बन्नू शहर में सेना कार्यालय और सुरक्षा बलों के आवास में घुसने की कोशिश में यह हमला किया, हालांकि, सुरक्षा बलों ने इस ‘हमले’ में तुरंत कार्रवाई की और हमलावरों की कोशिश को नाकाम कर दिया।

तलाशी अभियान शुरू

ताहिर खान ने बताया कि सुरक्षा बलों ने आतंकियों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और इलाके पर हेलीकॉप्टर से नजर रखी जा रही है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में कई सैनिक घायल भी हुए हैं। सरकार या सेना ने इस हमले पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है।

किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली

बन्नू अफगानिस्तान की सीमा से लगे खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में है और हाल के वर्षों में इस प्रांत में आतंकी हमले बढ़े हैं। जनवरी 2023 में पुलिसकर्मी के वेश में एक आत्मघाती हमलावर ने उत्तरपश्चिमी शहर पेशावर की एक मस्जिद पर हमला किया था, जिसमें 101 लोग मारे गए थे। मरने वालों में ज्यादातर पुलिस अधिकारी थे। अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन संदेह है कि हमले के लिए पाकिस्तानी तालिबान जिम्मेदार है। पाकिस्तानी तालिबान ने हाल के महीनों में देशभर में सुरक्षा बलों पर कई हमले किए हैं। पाकिस्तानी तालिबान को तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के नाम से जाना जाता है। यह एक अलग समूह है, लेकिन इसे अफगान तालिबान का सहयोगी माना जाता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular