सावन का पवित्र और महत्वपूर्ण महीना चल रहा है। सावन के पवित्र महीने में कई बड़े त्योहार मनाए जाते हैं। हर साल सावन महीने के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नाग पंचमी का त्योहार मनाया जाता है। इस मौके पर भगवान शिव के मंदिरों में भी खास रौनक देखने को मिलती है। नाग पंचमी के दिन नाग देवता की विधि-विधान से पूजा की जाती है। साथ ही उन्हें दूध भी चढ़ाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार कहा जाता है कि ऐसा करने से व्यक्ति को नाग देवता का आशीर्वाद मिलता है और कालसर्प दोष से भी मुक्ति मिलती है। उदय तिथि के अनुसार 9 अगस्त को नाग पंचमी का त्योहार मनाया जाएगा। नाग पंचमी पर पूजा का शुभ मुहूर्त 9 अगस्त को सुबह 5:45 बजे से 8:27 बजे तक रहेगा। इस दौरान शिव भक्त नाग देवता की पूजा कर सकते हैं।
जानिए पूजा विधि
नाग पंचमी के दिन ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर लेना चाहिए। देवी-देवताओं का ध्यान करना चाहिए। साफ कपड़े पहनने चाहिए। सूर्य देव को जल चढ़ाना चाहिए। घर के मंदिर की सफाई करनी चाहिए और गंगाजल छिड़कना चाहिए। इसके बाद नाग देवता की तस्वीर को साफ चौकी पर रखना चाहिए और विधि-विधान से पूजा करनी चाहिए। नाग देवता को रोली, चंदन, चावल आदि अर्पित करना चाहिए। उसके बाद देसी घी का दीपक जलाकर आरती करनी चाहिए। नाग देवता को दूध चढ़ाना चाहिए। कहते हैं कि ऐसा करने से जीवन में सुख-शांति की प्राप्ति होती है।