Friday, October 18, 2024
Homeभारतदिल्ली एनसीआर में सुबह से बारिश जारी, 4 राज्यों में रेड और...

दिल्ली एनसीआर में सुबह से बारिश जारी, 4 राज्यों में रेड और 9 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली एनसीआर में सोमवार सुबह से हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। 4 राज्यों में रेड अलर्ट और 9 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह से हल्की बारिश शुरू हो गई है। रविवार शाम से ही यहां तेज हवाएं चल रही थीं और मौसम सुहाना था। बारिश के साथ ही दिल्ली का तापमान और गिर गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 13 राज्यों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। 4 राज्यों में रेड अलर्ट और 9 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। दिल्ली लोक निर्माण विभाग ने कहा कि उसे दक्षिण, मध्य और रोहिणी क्षेत्रों से जलभराव और पेड़ उखड़ने की पांच शिकायतें मिलीं।

दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना

आईएमडी ने कहा कि शाम 5:30 बजे आर्द्रता 63 प्रतिशत थी। इसने सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान लगाया है। विभाग ने कहा कि सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 9 बजे 63 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

इन राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश से सटे उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र, गोवा में भी भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश से सटे गुजरात और राजस्थान के कुछ इलाकों में भी बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, असम और मेघालय के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। हालांकि बादल फटने या किसी अन्य दुर्घटना की आशंका नहीं है।

RELATED ARTICLES

Most Popular